Wednesday, 19 March 2014

जब भी यह दिल

जब भी यह दिल उदास होता है

जाने कौन आस-पास होता है

होंठ चुपचाप बोलते हों जब

सांस कुछ तेज़-तेज़ चलती हो

आंखें जब दे रही हों आवाज़ें

ठंडी आहों में सांस जलती हो

आँख में तैरती हैं तसवीरें

तेरा चेहरा तेरा ख़याल लिए

आईना देखता है जब मुझको

एक मासूम सा सवाल लिए

कोई वादा नहीं किया लेकिन

क्यों तेरा इंतजार रहता है

बेवजह जब क़रार मिल जाए

दिल बड़ा बेकरार रहता है

जब भी यह दिल उदास होता है

शतरंज

तब मैं जानबूझ कर हार जाया करता था

अब चाह कर भी जीत नहीं पाता हूँ तुमसे

पता नहीं कौन सी चाल पर

देखते ही देखते मैं मात खा जाऊँ

ये डर तो लगता है ज़रूर

पर मैं ख़ुश हूँ

कि

तुम खेलना सीख गये….

Tuesday, 18 March 2014

गुमशुदा

रोज ब रोज अख़बारों में खुद को ढूंढता हूँ

गुमशुदा की तलाश में लगे

चेहरों को तरीके से देख कर

मुफ्त

सपनों के टुकड़ों को बेचना चाहता हूँ

खरीदार ना मिला तो

मुफ्त ही दे दूँगा

चादर

सलवटों को ले के

नींद मुई जब से उडी है

बिछी चादर चुपचाप पड़ी थक सी गयी है

दर्द

सोचता हूँ

मुड के देखूं

क्या पाया

क्या खोया है

फिर

सोचता हूँ

क्यूँ मुडू

दर्द होता है

उम्मीद

सोती रात ऊँघते हुए याद दिलाती है

सुबह फिर निकलना है

टोकरी भर उम्मीद ले कर

खुद को बेचने को

आरज़ू

तकिये पर सर रख के

कुछ ख्वाब सोये थे

हकीकत की आरज़ू ने भी उम्मीद बाँध ली

खिड़कियाँ

ठंडी हवाओं को गर कैद करना भी चाहूँ

मुई खिड़कियाँ

कभी खुलने का नाम नही लेती

आवाजें

यहाँ मीठी आवाजें आंख मिचौली खेलती थी

अब वो ऐसी छुपी है

कि मिलती नहीं है

तस्वीरें

उनके साथ के लम्हों को

रंगीन तस्वीरों में कैद किया था मैंने

रंग कब उड़ गये

पता न चला

धक्का

ज़िन्दगी से धक्का लगने पर बहस नही की

शीशा उतारा,ठेंगा दिखाया

और आगे बढ़ गया

Monday, 17 March 2014

...

ज़रा पैलेट सम्भालो

रंगोबू का

मैं कैनवास

आसमां का खोलता हूं

बनाओ फिर से

सूरत आदमी की!

..

जहां नुमा एक होटल है नां...

जहां नुमा के पीछे एक टी.वी. टॉवर है नां...

चाँद को उसके ऊपर चढ़ते देखा था कल

होली का दिन था

मुंह पर सारे रंग लगे थे

थोड़ी देर में ऊपर चढ़ के

टांग पे टांग जमा के ऐसे बैठ गया था,

होली की खबरों में लोग उसे भी जैसे

अब टी.वी. पर देख रहे होंगे

Saturday, 15 March 2014

ऑंखें

मैंने रक्खी हुई हैं आँखों पर

तेरी ग़मगीन-सी उदास आँखें

जैसे गिरजे में रक्खी ख़ामोशी

जैसे रहलों पे रक्खी अंजीलें

एक आंसू गिरा दो आँखों से

कोई आयत मिले नमाज़ी को

कोई हर्फ़-ए-कलाम-ए-पाक मिले

Tuesday, 11 March 2014

चाँद

जब जब पतझड़ में
पेड़ों से पीले पीले पत्ते
मेरे लॉन में आकर गिरते हैं

रात को छत पर जा के
मैं आकाश को तकता रहता हूँ

लगता है
कमज़ोर सा पीला चाँद भी शायद
पीपल के सूखे पत्ते सा
लहराता लहराता
मेरे लॉन में आकर उतरेगा

चोर सिपाही

वक्त की आँख पे पट्टी बांध के
चोर सिपाही खेल रहे थे
रात और दिन और चाँद और मैं

जाने कैसे
इस गर्दिश में अटका पाँव
दूर गिरा जा कर मैं
जैसे
रौशनियों के धक्के से
परछाईं जमीं पर गिरती है

धेय्या छोने से पहले ही
वक्त ने चोर कहा
और
आँखे खोल के मुझको पकड़ लिया

कौन है

मैं दीवार की इस जानिब हूँ
इस जानिब तो धूप भी है हरियाली भी
ओस भी गिरती है पत्तों पर
आ जाये तो आलसी कोहरा
शाख पे बैठा घंटों ऊँघता रहता है
बारिश लम्बी तारों पर नटनी की तरह थिरकती
आँखों से गुम हो जाती है
जो मौसम आता है
सारे रस देता है

लेकिन

इस कच्ची दीवार की दूसरी जानिब
क्यों ऐसा सन्नाटा है
कौन है जो आवाज नहीं करता
लेकिन
दीवार से टेक लगाए बैठा रहता है

आँसुओं की नमी

बर्फ़ पिघलेगी जब पहाड़ों से
और वादी से कोहरा सिमटेगा

बीज अंगड़ाई लेके जागेंगे
अपनी अलसाई आँखें खोलेंगे

सब्ज़ा बह निकलेगा ढलानों पर
गौर से देखना बहारों में

पिछले मौसम के भी निशाँ होंगे
कोंपलों की उदास आँखों में
आँसुओं की नमी बची होगी

नहीं उदास नहीं

बस एक चुप-सी लगी है,
नहीं उदास नहीं
कहीं पे साँस रुकी है
नहीं उदास नहीं
कोई अनोखी नहीं ऐसी ज़िंदगी लेकिन
मिली जो ख़ूब मिली है
नहीं उदास नहीं
सहर भी रात भी दोपहर भी मिली लेकिन
हमीं ने शाम चुनी है
नहीं उदास नहीं
बस एक चुप-सी लगी है
नहीं उदास नहीं
कहीं पे साँस रुकी है
नहीं उदास नहीं

Sunday, 9 March 2014

अमलतास

खिड़की पिछवाड़े को खुलती तो नज़र आता था
वो अमलतास का इक पेड़
ज़रा दूर
अकेला-सा खड़ा था
शाखें पंखों की तरह खोले हुए
एक परिन्दे की तरह

बरगलाते थे उसे रोज़ परिन्दे आकर
सब सुनाते थे वि परवाज़ के क़िस्से उसको
और दिखाते थे उसे उड़ के
क़लाबाज़ियाँ खा के
बदलियाँ छू के बताते थे
मज़े ठंडी हवा के

आंधी का हाथ पकड़ कर शायद
उसने कल उड़ने की कोशिश की थी
औंधे मुँह बीच-सड़क आके गिरा है

Saturday, 8 March 2014

खूब हंसू

जी में आता है कि
इस कान में सुराख़ करूँ
खींचकर
दूसरी जानिब से निकालूँ उसको
सारी की सारी निचोडूँ ये रगें
साफ़ करूँ
भर दूँ रेशम की जलाई हुई भुक्की इसमें

कह्कहाती हुई भीड़ में शामिल होकर
मैं भी एक बार हँसूँ
खूब हँसूँ
खूब हँसू

Monday, 3 March 2014

पनाह

उखाड़ दो
अरज़-ओ-तूल खूंटों से बस्तियों के
समेटो सडकें,
लपेटो राहें
उखाड़ दो शहर का कशीदा
कि ईंट - गारे से घर नहीं बन सका किसी का

पनाह मिल जाए रूह को जिसका हाथ छूकर
उसी हथेली पे घर बना लो
कि घर वही है
और पनाह भी

तुम्हारे हाथों में मैंने देखी थी अपनी एक लकीर

रात भर

मां ने जिस चांद सी दुल्हन की दुआ दी थी मुझे

आज की रात वह फ़ुटपाथ से देखा मैंने

रात भर

रोटी नज़र आया है वो चांद मुझे

चाँद की कौड़ी

सारा दिन बैठा
मैं हाथ में लेकर खाली कासा

रात जो गुज़री
चांद की कौड़ी डाल गई उसमें

सूदखोर सूरज कल
मुझसे ये भी ले जायेगा

कल का अखबार

सामने आये मेरे
देखा मुझे
बात भी की
मुस्कराए भी
पुरानी किसी पहचान की ख़ातिर

कल का अख़बार था
बस देख लिया
रख भी दिया

बिछड़ता है कोई?

लोग
मेलों में भी गुम हो कर मिले हैं
बारहादास्तानों के
किसी दिलचस्प से इक मोड़ पर

यूँ हमेशा के लिये भी क्या बिछड़ता है कोई?

शेल्फ

कुछ मेरे यार थे
रहते थे मेरे साथ हमेशा

कोई साथ आया था
उन्हें ले गया
फिर नहीं लौटे

शेल्फ़ से निकली किताबों की जगह ख़ाली पड़ी है

हवा

तमाम सफ़हे किताबों के
फड़फडाने लगे

हवा धकेल के दरवाजा
आ गई घर में

कभी हवा की तरह
तुम भी आया जाया करो

कीमत

कभी कभी
बाजार में यूँ भी हो जाता है

क़ीमत ठीक थी
जेब में इतने दाम नहीं थे

ऐसे ही इक बार
मैं तुम को हार आया था

चूड़ी

चूड़ी के टुकड़े थे
पैर में चुभते ही खूँ बह निकला

नंगे पाँव खेल रहा था
लड़का अपने आँगन में

बाप ने कल दारू पी के
माँ कीबाँह मरोड़ी थी

रेत घडी

नाप के वक्त भरा जाता है
रेत घड़ी में

इक तरफ़ खाली हो जब
फिर से उलट देते हैं उसको

उम्र जब ख़त्म हो
क्या मुझ को वो उल्टा नहीं सकता?

फटी ज़ेब

वह मेरे साथ ही था दूर तक

मगर

इक दिन

जो मुड़ के देखा तो

वह दोस्त मेरे साथ न था

फटी हो जेब तो
कुछ सिक्के खो भी जाते हैं

जब

कंधे झुक जाते है
जब बोझ से
इस लम्बे सफ़र के

हांफ जाता हूँ मैं जब
चढ़ते हुए तेज चढाने

सांसे रह जाती है जब
सीने में एक गुच्छा हो कर

और लगता है
दम टूट जायेगा यहीं पर

एक नन्ही सी नज़्म
मेरे सामने आ कर

मुझ से कहती है
मेरा हाथ पकड़ कर

मेरे शायर
ला
मेरे कन्धों पे रख दे
में तेरा बोझ उठा लूँ

अभी न पर्दा गिराओ

अभी न पर्दा गिराओ
ठहरो
कि दास्ताँ आगे और भी है

अभी तो टूटी है कच्ची मिट्टी
अभी तो बस जिस्म ही गिरे हैं
अभी तो किरदार ही बुझे हैं

अभी सुलगते हैं रूह के ग़म
अभी धड़कते हैं दर्द दिल के
अभी तो एहसास जी रहा है

यह लौ बचा लो
जो थक के किरदार की हथेली से गिर पड़ी है
यह लौ बचा लो

यहीं से उठेगी जुस्तजू फिर बगूला बनकर
यहीं से उठेगा कोई किरदार फिर
इसी रोशनी को लेकर

कहीं तो अंजाम-ओ-जुस्तजू के सिरे मिलेंगे

अभी न पर्दा गिराओ
ठहरो!

रस्ता

किस क़दर सीधा सहल साफ़ है यह रस्ता देखो

न किसी शाख़ का साया है,
न दीवार की टेकन
किसी आँख की आहट,
न किसी चेहरे का शोर
न कोई दाग़ जहाँ बैठ के सुस्ताए कोई

दूर तक कोई नहीं, कोई नहीं, कोई नहीं
चन्द क़दमों के निशाँ,
हाँ, कभी मिलते हैं कहीं

साथ चलते हैं जो कुछ दूर फ़क़त चन्द क़दम
और फिर टूट के गिरते हैं यह कहते हुए
अपनी तनहाई लिये आप चलो,
तन्हा, अकेले

साथ आए जो यहाँ,
कोई नहीं, कोई नहीं
किस क़दर सीधा,
सहल साफ़ है यह रस्ता

आँसुओं की नमी

बर्फ़ पिघलेगी जब पहाड़ों से
और वादी से कोहरा सिमटेगा

बीज अँगड़ाई लेके जागेंगे
अपनी अलसाई आँखें खोलेंगे

सब्ज़ा बह निकलेगा ढलानों पर

गौर से देखना बहारों में
पिछले मौसम के भी निशाँ होंगे

कोंपलों की उदास आँखों में
आँसुओं की नमी बची होगी.

रोशनी के धब्बे

सितारे लटके हुए हैं तागों से आस्माँ पर
चमकती चिंगारियाँ सी चकरा रहीं
आँखों की पुतलियों में

नज़र पे चिपके हुए हैं कुछ चिकने-चिकने से रोशनी के धब्बे
जो पलकें मुँदूँ
तो चुभने लगती हैं रोशनी की सफ़ेद किरचें

मुझे मेरे मखमली अँधेरों की गोद में डाल दो उठाकर

चटकती आँखों पे घुप अँधेरों के फाये रख दो

यह रोशनी का उबलता लावा न अन्धा कर दे

इतनी मोहलत कहाँ

इतनी मोहलत कहाँ

कि

घुटनों से सिर उठाकर

फ़लक को देख सको

अपने टुकड़े उठाओ दांतों से

ज़र्रा-ज़र्रा कुरेदते जाओ

वक़्त बैठा हुआ है गर्दन पर

तोड़ता जा रहा है टुकड़ों में

ज़िन्दगी देके भी नहीं चुकते

ज़िन्दगी के जो क़र्ज़ देने हो